Speech Transcript
अभी बीच में यह कहा जा रहा था कि मैं विशिष्ट अतिथि हूं। मैं अतिथि नहीं हूं, मैं मेहमान नहीं हूं, मैं गेस्ट नहीं हूं। मैं तो कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में आपका विनम्र सेवक हूं, आपका सेवक। आप सभी हमारा परिवार हैं। जैसे माननीय प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि पूरा देश एक परिवार है। हममें से कोई छोटा नहीं है, कोई बड़ा नहीं है।
सचमुच में, मैं दिल की बात बताऊं तो भगवान जगन्नाथ के दर्शन मुझे जनता के अंदर ही होते हैं। यह जीवित-जाग्रत जनता है। और सुभद्रा मैया तो मुझे अपनी बहनों में दिखाई देती हैं।
मोहन जी, आपको बहुत-बहुत बधाई। आपने यहां सुभद्रा योजना लागू कर दी, ताकि हमारी गरीब बहनें लगातार आगे बढ़ती रहें। हर साल 10,000 रुपये दो किस्तों में, 5-5 हजार रुपये करके मेरी बहनों के खातों में जाते हैं। इससे उनके चेहरे आत्मविश्वास से भर जाते हैं और घर में उनका सम्मान बढ़ जाता है। इसलिए सचमुच में हम सब सेवक हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, एक वैभवशाली भारत, गौरवशाली भारत, संपन्न भारत, समृद्ध भारत और शक्तिशाली भारत का निर्माण करना है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लिए मोहन जी विकसित ओडिशा, विकसित उत्कल प्रदेश बना रहे हैं।
आज मैं आपसे यह निवेदन करने आया हूं कि प्रधानमंत्री जी का आशीर्वाद आपके साथ है, राज्य के साथ है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जी की अनेक योजनाएं हैं। राष्ट्रपति जी और प्रधानमंत्री जी ने 47,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है। अभी-अभी आपने यहां 1,000 करोड़ रुपये की सौगात दी है।
इसमें बलांगीर में कृषि महाविद्यालय भी शामिल है। आदरणीय कनक वर्धन सिंह देव जी यहां उपस्थित हैं। आप कृषि महाविद्यालय का आज शिलान्यास करेंगे। मैं आपको वचन देता हूं कि आईसीएआर (ICAR) और भारत सरकार के कृषि विभाग के माध्यम से इसे हिंदुस्तान का सर्वश्रेष्ठ महाविद्यालय बनाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
किसानों की सेवा ही हमारे लिए भगवान की पूजा है। हमारे शीर्ष वैज्ञानिक भी यहां पूरी मदद करेंगे। इस कृषि महाविद्यालय के माध्यम से बलांगीर और आसपास के मेरे किसान बहनों और भाइयों के लिए इस क्षेत्र की खेती को बदलने में भी हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कनक वर्धन सिंह देव जी के साथ मिलकर और मोहन जी के मार्गदर्शन में हम ओडिशा की खेती और किसानों के लिए कृषि का रोडमैप भी बना रहे हैं।
हमें परंपरागत खेती तो करनी है, लेकिन खेती को तेजी से बदलना भी है। अभी उपमुख्यमंत्री जी कह रहे थे कि हम ऐसी योजना ला रहे हैं, जो मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में कैबिनेट में आएगी। इसके अंतर्गत खेतों के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाएंगे और नीचे खेती होगी। यानी आम के आम और गुठलियों के दाम। आपको बिजली भी मिलेगी और आपकी जमीन भी बेकार नहीं जाएगी। आप फल और सब्जियां भी पैदा कर पाएंगे।
खेती के बारे में आज विस्तार से चर्चा नहीं करूंगा। आज मुझे 'खेत बचाओ आंदोलन' में भी जाना है, वहां इस विषय पर चर्चा करूंगा।
लेकिन ओडिशा के मेरे गरीब बहनों और भाइयों, बीजेडी की सरकार ने आपके साथ बहुत बड़ा अन्याय किया था। प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों की सूची गलत बना दी गई थी। अपात्र लोगों के नाम जोड़ने की कोशिश की गई। और तो और, उन्होंने योजना का नाम तक बदल दिया! पैसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी दें और ठप्पा बीजेडी की सरकार लगाए! बताइए, क्या यह सही था?
अब देखिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी मुफ्त में चावल दे रहे हैं और झोले पर फोटो बीजेडी के मुख्यमंत्री की लगाई जा रही थी। शर्म नहीं आई? देने वाले नरेंद्र मोदी जी और फोटो अपना छापेंगे! वाह बीजेडी वालों, क्या कमाल किया है तुमने!
प्रधानमंत्री आवास योजना में इतनी अनियमितताएं की गईं कि यहां के माननीय सांसदों ने भारत सरकार से शिकायत की। जब जांच के लिए दल आया तो पता चला कि जिन लोगों के पास पहले से ही मकान थे, उनके नाम भी मकानों की सूची में जोड़ दिए गए थे। इतनी अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ कि जांच के बाद कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बीजेडी वालों, आपने एक और पाप किया। इन गलत कामों के कारण आपने ओडिशा की जनता को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों से वंचित कर दिया। गरीब जनता को मकानों से वंचित रखने का काम बीजेडी की सरकार ने किया।
लेकिन प्रधानमंत्री जी का संकल्प है। उनके आशीर्वाद से आज मैं आपको आश्वस्त कर रहा हूं। माननीय मोहन जी यहां उपस्थित हैं। वे सज्जन, सरल, सहज और दिन-रात काम करने वाले मुख्यमंत्री हैं। मैं उनके साथ मिलकर और प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से आज यह कह रहा हूं कि ओडिशा के हर गरीब को पक्का मकान बनाने के लिए पैसा दिया जाएगा। इसकी शुरुआत हम आज कर रहे हैं।
ओडिशा के साथ अन्याय हुआ है और यह अन्याय बीजेडी की सरकार के कारण हुआ है। अभी जब रवि जी बोल रहे थे तो उनके सीने का दर्द भी झलक रहा था।
अभी मैंने जो पत्र माननीय मुख्यमंत्री जी को सौंपा है, वह 4 लाख से अधिक मकानों का है। लेकिन आपने अभी फोन करके मुझे कहा कि इतने से काम नहीं चलेगा। इसलिए 5 लाख मकानों की स्वीकृति तो हम तत्काल कर रहे हैं। इसके बाद भी मैं दोबारा हिसाब-किताब करके ओडिशा की जनता के साथ हुए अन्याय की पूरी भरपाई करने का प्रयास करूंगा।
मैं ओडिशा के सभी गरीब बहनों और भाइयों को आश्वस्त करता हूं कि आपने जो सही सर्वे किया है, उसके आधार पर सूची तैयार की है। पहले जो सूची गलत बनाई गई थी, जैसा कि रवि जी बता रहे थे, उसमें अपात्रों के नाम थे। यानी जिन्हें मकान नहीं मिलना चाहिए था, उन्हें मकान दिए जा रहे थे। अब आपने सही सूची बना ली है। बीजेडी वाले तो सही सूची भी नहीं बना पाए थे।
किसान सम्मान निधि के मामले में आदरणीय उपमुख्यमंत्री जी यहां बैठे हैं। मुख्यमंत्री जी मुझे बता रहे थे कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में भी कई नाम पहले जोड़े ही नहीं गए थे। अब वे नाम भी जोड़ दिए गए हैं।
अब सही पात्रों की सूची तैयार हो गई है। मेरे गरीब बहनों और भाइयों, सभी को पक्का मकान बनाने के लिए राशि अलग-अलग चरणों में दी जाएगी। कोई भी कच्ची झोपड़ी में नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री जी के आशीर्वाद से सभी के पक्के मकान होंगे।
उपमुख्यमंत्री जी ने आज यह बात भी कही है कि पीएम आवास योजना के मकानों पर सोलर पैनल लगाने के लिए राज्य सरकार अलग से सब्सिडी देगी। मुख्यमंत्री जी यहां बैठे हैं। केंद्र सरकार तो सब्सिडी देती ही है, उसके ऊपर राज्य सरकार भी सब्सिडी देगी।
मैं जब हेलीकॉप्टर से आ रहा था तो बड़े ध्यान से बलांगीर की छतों को देख रहा था। जगह-जगह सोलर पैनल लगे हुए थे। मोहन जी, आपने तो कमाल कर दिया। दो साल में ही पूरे प्रदेश को सोलरमय कर दिया। यह एक प्रगतिशील प्रदेश की निशानी है। इतने सोलर पैनल मैंने कहीं नहीं देखे।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से पूरा ओडिशा जगमग होने वाला है। मेरा विश्वास है कि इसके कारण आपके बिजली के बिल समाप्त हो जाएंगे। यदि बिजली बचेगी तो आप उस बिजली को ग्रिड में बेचकर लाभ भी कमा सकेंगे। यह नरेंद्र मोदी जी की सरकार है और यह मोहन माझी जी की सरकार है।
ये मकान तो बनेंगे ही, लेकिन आज मैं अपनी बहनों को देख रहा हूं। मेरी बहनें कितनी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में आई हैं। मेरी बहनों, दोनों हाथ जोड़कर मैं आप सभी को भी प्रणाम करता हूं।
हमारा संकल्प है, प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि ओडिशा की कोई भी बहन गरीब नहीं रहेगी। लखपति दीदी योजना, जो भारत सरकार की ग्रामीण आजीविका योजना के अंतर्गत आती है, उसके माध्यम से प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हम हर बहन को लखपति बनाएंगे।
मेरी बात ध्यान से सुनना, इसे मजाक मत समझना। मैं सच कहने आया हूं। लखपति दीदी का मतलब है कि हर साल हर बहन की आमदनी कम से कम 1 लाख रुपये होनी चाहिए। बोलिए बहनों, होनी चाहिए कि नहीं? आज बहनें पीछे तक आवाज लगाकर बोलेंगी। होनी चाहिए कि नहीं? जोर से बोलिए, होनी चाहिए कि नहीं?
बहनों की आंखों में आंसू नहीं रहेंगे। वे मजबूर नहीं रहेंगी और उन्हें किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा। लखपति दीदी योजना के अंतर्गत हर बहन की आमदनी कम से कम 1 लाख रुपये तो होगी ही।
मोहन जी, मैं आपको बहुत बधाई देता हूं। ओडिशा सरकार ने भारत सरकार के साथ मिलकर जो प्रयास किए हैं, उनके कारण आपने 27 लाख दीदियों का लक्ष्य एक साल पहले ही प्राप्त कर लिया है।
लेकिन मैं कल आंकड़े देखकर आया हूं। मुझे भारत सरकार के अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा में 29 लाख दीदियां लखपति दीदी बन चुकी हैं। 29 लाख दीदियां! इसके लिए एक बार जोरदार तालियां बजाकर मुख्यमंत्री जी और ओडिशा सरकार का स्वागत कीजिए।
29 लाख दीदियां लखपति बन चुकी हैं। बाकी जितनी दीदियां अभी शेष हैं, उन्हें भी लखपति बनाने के लिए हमारी बैंकों के साथ बैठक हुई है।
लखपति दीदी बनाने के लिए ग्रामीण आजीविका और स्वयं सहायता समूहों के अंतर्गत प्रशिक्षण देने, रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने और बैंकों से ऋण दिलाने का काम भारत सरकार कर रही है।
अगले 5 साल में अपनी बहनों को लखपति बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये का ऋण दिया जाएगा। 10 लाख करोड़ रुपये का! हर बैंक के लक्ष्य तय किए गए हैं। हर साल कितना ऋण देना है, इसके लक्ष्य भी हमने निर्धारित किए हैं।
मेरी दीदियों, अभी तक बैंक व्यक्तिगत रूप से किसी दीदी को ऋण नहीं देते थे। वे केवल समूह को ऋण देते थे। अब हमने यह भी तय कर लिया है कि यदि समूह की कोई बहन अकेले आगे बढ़ना चाहती है और कहती है कि मैं काम करूंगी, व्यवसाय करूंगी, तो ऐसी बहनों को भी अपना काम-धंधा शुरू करने के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का ऋण दिया जाएगा।
हमें अपनी बहनों को आगे बढ़ाना है। आधी आबादी सशक्त होगी, तभी विकसित भारत का निर्माण होगा।
बहनों, आप भी संकल्पबद्ध हो जाइए। आपका भाई आपसे यह कहने आया है कि पूरे देश में अभियान चलेगा, लेकिन ओडिशा के मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यहां विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि हमारी कोई भी गरीब बहन न रहे और सभी लखपति दीदी बनें।
एक और निवेदन मैं आपसे करना चाहता हूं। पिछली बार जब माननीय मुख्यमंत्री जी रायगढ़ आए थे, तब 1,700 किलोमीटर की सड़कों को स्वीकृति दी गई थी। यह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का चौथा चरण था।
अब आगे जिन गांवों की सड़कें शेष रह गई हैं, उनकी सूची भी तैयार करके भारत सरकार को भेज दीजिए। अगले चरण में उन सड़कों को भी स्वीकृत करने का काम किया जाएगा। ओडिशा का हर गांव पक्की सड़क से जुड़ेगा। यह प्रधानमंत्री जी का संकल्प है।
और सुनिए, यहां यदि सरपंच बैठे हों तो मैं उनसे कहना चाहता हूं कि मुझे पता है कि अभी पंचायत चुनाव आने वाले हैं।
'विकसित भारत जी राम जी' योजना के अंतर्गत इस साल मार्च तक ओडिशा को 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलने वाली है।
पूरे देश में 2,80,000 पंचायतें हैं। इस साल हमारे पास पूरे देश के लिए 1,51,282 करोड़ रुपये हैं, जिसमें से लगभग 4,000 करोड़ रुपये ओडिशा के हिस्से में आएंगे।
रवि जी, यहां कितनी पंचायतें हैं? लगभग 6,000 से 7,000 के आसपास पंचायतें हैं। आप हिसाब लगा लीजिए। हर पंचायत को हर साल 'विकसित भारत जी राम जी' योजना के अंतर्गत 25 लाख से लेकर 50 लाख रुपये तक मिलेंगे। पांच साल में आप मानकर चलिए कि छोटी पंचायत को 1 करोड़ रुपये और बड़ी पंचायत को 2 करोड़ रुपये तक की राशि मिल सकती है।
अकेले 'विकसित भारत जी राम जी' योजना के अंतर्गत आप अच्छी तरह योजना बना लीजिए। गांव के विकास के सभी काम इसके अंतर्गत किए जा सकते हैं। गांव में पंचायत भवन बनाना है, सड़क बनानी है, नाली बनानी है, स्कूल बनाना है, जो काम आप चाहें, कर सकते हैं। हमने ऐसे 373 कामों की पूरी सूची तैयार की है।
रवि जी, गांव में किसानों के खेतों तक सड़क बनानी है तो 'विकसित भारत जी राम जी' योजना के अंतर्गत किसानों के खेतों तक सड़क भी बनवाइए। इसके लिए भी इसमें प्रावधान रखा गया है।
आपको तालाब बनाना है, खेत-तालाब बनाना है। यदि कोई किसान गरीब है और उसके खेत में भी तालाब खोदकर बनाना है तो उसके लिए भी पैसा स्वीकृत किया जाएगा, ताकि किसान के खेत में जल संरक्षण से जुड़े जितने भी काम किए जा सकते हैं, वे किए जाएं।
बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए यदि आप कोई काम हाथ में लेना चाहते हैं तो वह भी कर सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार को अलग-अलग तरह के ये सभी काम करने की अनुमति दी गई है। हर गांव को विकसित बनाया जा सकता है। यह संदेश लेकर भी मैं आपके बीच आया हूं।
हमारा ओडिशा बहुत तेजी से आगे बढ़े, प्रगति करे और विकास करे। मैं एक और निवेदन करना चाहता हूं। मोहन जी, इसके लिए ओडिशा सरकार प्राण-पण से काम करे।
पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। ये भारत सरकार के आंकड़े हैं। वे गरीब क्यों नहीं रहे? इसके कई कारण हैं। भारत सरकार की कितनी सारी योजनाएं हैं!
किसान सम्मान निधि का पैसा मोदी जी भी देते हैं और मोहन जी भी देते हैं। सुभद्रा योजना का पैसा मिलता है। निशुल्क राशन मिलता है। मुफ्त बिजली की योजना है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत रसोई गैस कनेक्शन मिलता है। घर में पीने का पानी मिलता है। यदि कोई बीमार हो जाए तो प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का इलाज मिलता है।
आपने तो ओडिशा की जनता के लिए इलाज की एक अलग योजना भी बना रखी है। क्या काम कर रहे हैं आप! दो साल में मोहन जी, आपने कमाल करके दिखा दिया है। आज मुझे ओडिशा की पूरी स्थिति बदलती हुई दिखाई दे रही है।
आपने लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाईं। गोपबंधु जन आरोग्य योजना चलाई। गरीब आदिवासी भाई-बहनों के लिए शहीद माधव सिंह हाथखर्च योजना चला रहे हैं। आपने भी गजब का काम किया है।
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2,300 रुपये से बढ़ाकर 3,100 रुपये प्रति क्विंटल देने का चमत्कार भी ओडिशा की सरकार ने किया है। इसके लिए भी तालियां बजाकर ओडिशा सरकार और मुख्यमंत्री जी का स्वागत कीजिए।
अच्छा काम हो तो उसका स्वागत करना चाहिए। आज हमारा ओडिशा तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मेरी बहनों और भाइयों, जब बीजेडी की सरकार थी, तब लैंड माफिया, सैंड माफिया, कोल माफिया और माइनिंग माफिया न जाने कितने तरह के माफिया सक्रिय थे। आज ये सारे माफिया जमींदोज हो चुके हैं। ओडिशा में विकास का एक नया महायज्ञ चल रहा है। इसलिए मेरे मन में प्रसन्नता है।
बलांगीर की इस पावन धरती पर आकर सचमुच मैं बहुत प्रसन्न हूं। बलांगीर की धरती में ओडिशा की लोक आत्मा बसती है। यहां नुआखाई के नवधान में धरती के प्रति कृतज्ञता का भाव है। यहां ढाल-खाड़ी और रसरकेली के लोकनृत्यों में जीवन की लय दिखाई देती है।
यहां आकर मैं बहुत प्रसन्न हूं। आप सबसे मिलकर मुझे बहुत अच्छा लगा। सचमुच बार-बार यहां आने की इच्छा होती है। आपसे मिलने को जी करता है रे बाबा! यह इतना अच्छा प्रदेश है और बलांगीर इतना अच्छा क्षेत्र है। आपने कहा कि दोबारा आना, तो महाराज, आप जब बुलाएंगे हम जरूर आएंगे।
हम यह कोशिश करेंगे कि ओडिशा के विकास में, माननीय मोहन जी, मेरे दोनों विभाग, कृषि विभाग और ग्रामीण विकास विभाग, आपके ही हैं, ऐसा मानकर चलिए। ओडिशा के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मेरा आप सभी से आग्रह है कि विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए आप भी अपने आप को समर्पित कीजिए। आपका गांव विकसित होगा, तभी विकसित ओडिशा बनेगा। इस धनराशि का सही उपयोग कीजिए और प्रधानमंत्री जी के संकल्पों को पूरा करने का संकल्प लीजिए।
एक बार फिर विकसित भारत और विकसित ओडिशा के लिए अपने गांव को विकसित बनाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। यह संकल्प भगवान जगन्नाथ की जय बोलकर लेंगे।








