Speech Transcript
रायसेन/भोपाल: भगवान बिरसा मुंडा को प्रणाम। जल, जमीन और जंगल, जिसमें वर्षों से हम रह रहे हैं, जो हमारी जिंदगी है, आदिवासियों को जंगल से अलग नहीं किया जा सकता। जब अंग्रेजों का शासन था, तब लोगों का शोषण होता था, जमीनों पर कब्जे होते थे। धरती पर जन्म लिया बिरसा भगवान ने। जबरन धर्मांतरण हो रहा था, धर्म परिवर्तन करो। पहले उनके माता-पिता ने ईसाई स्कूल में एडमिशन दिलाया। उन्होंने देखा कि यहाँ तो धर्मांतरण की बात होती है, तो उन्होंने उसके खिलाफ आवाज उठाई।
उन्होंने कहा ये धरती हमारी, पानी हमारा, जंगल हमारे, इससे हम बेदखल नहीं होंगे। अंग्रेजों को यहाँ से बेदखल करेंगे। उन्होंने सशस्त्र क्रांति की। अंग्रेज उनके नाम पर कांपते थे। उन्होंने अपने धर्म, अपनी संस्कृति की पूजा करने की प्रेरणा दी। ऐसा संघर्ष किया कि सारी दुनिया चकित रह गई, तब लोगों ने कहा कि ये साधारण नहीं हैं, ये भगवान हैं, धरती आबा हैं। आज हम उनकी जयंती मना रहे हैं। यहाँ सभी ने कहा कि भगवान की मूर्ति लगनी चाहिए। हम तय करते हैं कि यहाँ भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति लगाई जाएगी। उनके स्थान को भी बेहतर बनाया जाएगा।
मेरे पास आवेदन आए हैं, जिस जमीन पर आवेदकों का कब्जा है, उनके लिए नोटिस दिए जा रहे हैं। फलानी जमीन पर तुम्हारा कब्जा है, उसे हटाओ नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। ये भाजपा की सरकार है, मोदी जी हमारे प्रधानमंत्री हैं, गरीबों के प्रधानसेवक हैं। मोहन यादव जी गरीबों के हितैषी हैं और यहाँ नोटिस दिए जा रहे हैं। जिनका यहाँ कब्जा है, वो नहीं हटेगा। ये कुछ अफसर गड़बड़ करने की कोशिश करते हैं। भाजपा सरकार आदिवासियों की हितैषी है, किसी गरीब की जमीन नहीं छीनी जाएगी।
हम केवल माला डलवाने नहीं आए हैं, आपकी जिंदगी में खुशियाँ लाने आए हैं। हम अलग-अलग भाई-बहनों को मसूर के बीज के 500 किट वितरित करेंगे। किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड देंगे। सुपर सीडर, पैडी थ्रेशर जैसे उपकरण बांटेंगे। मुझे एक-एक बहन की जिंदगी बदलना है। आँखों में आँसू नहीं चेहरे पर मुस्कुराहट होना चाहिए। लाड़ली बहना योजना ने बहनों की जिंदगी बदली है। इसे देश के विभिन्न राज्य लागू कर रहे हैं। अब बहनों को 1,500 रुपये मिलेंगे और जल्द ही इसे 3,000 रुपये करेंगे। आधी आबादी को पूरा न्याय है।
बिहार में बहनों ने सामने वालों का सूपड़ा साफ कर दिया। जो केवल कोरी बातें करते थे, उनका गर्दा उड़ गया। चारों तरफ सिर्फ मोदी जी और नीतीश जी के नाम की गूंज है। आज बहनों को सेल्फ-हेल्प ग्रुप के लिए 50 लाख रुपये का बैंक लिंकेज दिया जाएगा। बहनें गरीब नहीं रहेंगी। हर बहन को स्व-सहायता समूह से जोड़ना है और काम धंधे शुरू कराना है। हम तुम्हारी जिंदगी बदलने आए हैं। जिंदगी बदलने के लिए काम धंधा चाहिए। किसानों की जिंदगी बदलना है तो अच्छे बीज चाहिए। आज हम अच्छे बीज किसानों को देंगे। और कौन सी फसल यहाँ बेहतर हो सकती है, उसपर भी बात करेंगे।
नहरों की मरम्मत का काम भी शुरू करेंगे। जुगाड़ अब नहीं चलेगी, अब पाइप डालने वालों को हम ढंग से देखेंगे। जो कंपनियां नकली खाद-बीज बेचती हैं, उन पर मैं कार्रवाई करूंगा और मुआवजा दिलाऊँगा। कई जगह किराने की दुकान में दारू बिक रही है। मैं प्रशासन को साफ कहना चाहता हूँ, इस क्षेत्र में किसी भी कीमत पर ये नहीं चलेगा। इससे सबसे ज्यादा परेशान बहनें होती हैं। बच्चों की जिंदगी बर्बाद होती है। पुलिस वाले सुन लें, यहाँ अवैध दारू बंद होगी। मैं अपने क्षेत्र में सांसद के नाते अभियान चलाऊँगा, अवैध दारू नहीं बिकेगी। गाँव-गाँव में कमेटी बनाओ, टीम तैयार करो। किसी ने सेटिंग की है तो उसे छोड़ेंगे नहीं।
आज यहाँ स्वास्थ्य परीक्षण भी हो रहा है, 400 से ज्यादा लोगों का चेकअप हुआ है। भगवान न करे किसी को बीमारी निकले लेकिन अगर कुछ निकलेगा तो हम वचन देने आए हैं कि उनका इलाज हम करवाएंगे। जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वो भी बाँटेंगे।








