नई दिल्ली: मोदी जी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न, समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। याद करो, ११-१२ साल पहले जब कांग्रेस की सरकार थी, तब चारों तरफ भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूटपाट होती थी। भारत का नाम कोई इज्जत से नहीं लेता था। भारत का मतलब घोटालों का देश। इसके बाद उदय हुआ श्री नरेंद्र मोदी जी का।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सारा जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित है। उनका जीवन गरीबी और अभाव में था। उन्होंने स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा ली, तपस्या करने जंगल में गए। पहले संघ के प्रचारक के रूप में उन्होंने राष्ट्रवाद की ध्वजा पताका संभाली। वो संघ के आदर्श प्रचारक थे। बाद में भाजपा के संगठन मंत्री का काम आया। उन्होंने गुजरात में ऐसा संगठन खड़ा किया, जो पूरे भारत के लिए आदर्श है। अपने संगठन कौशल के बल पर ऐसा संगठन खड़ा किया कि आज गुजरात का भाजपा का किला अभेद्य है। भाजपा की सरकार लगातार कई वर्षों से गुजरात में है।
वो गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने गुजरात मॉडल देश को दिया। वो आधुनिक गुजरात के शिल्पकार रहे। २०१४ में वो दिन आया, जब सारी जनता निराश हो चुकी थी, उन्होंने उद्घोष किया कि मुझे ३०० कमाल दे दो। सारे देश ने मोदी जी पर भरोसा किया और स्पष्ट बहुमत के साथ मोदी जी की सरकार बनी, एक बार बनी, दो बार बनी और तीसरी बार भी बनी। आज मोदी जी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाई छू रहा है।
कांग्रेस की सरकार में भारत का सम्मान, मान और स्थान नहीं था। हम किसी को छेड़ते नहीं हैं लेकिन अगर किसी ने हमें छेड़ा तो हम छोड़ते नहीं हैं। पहलगाम में जिन्होंने निर्दोषों की हत्या की, वो पाकिस्तान में बैठकर सोचते थे कि हम सुरक्षित हैं, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर में उन आकाओं की लाशों के ढेर लगा दिये गए। जिन्होंने पहलगाम में निर्दोषों पर गोलियाँ बरसाई, ऑपरेशन महादेव में वो आतंकवादी भी नहीं बचे। सिर में गोली मारी गई। आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्ति पर है। देश की सेनाएँ आज अजेय हैं। भारत के शौर्य प्रदर्शन पूरी दुनिया में हुआ है।
आज उनके जन्मदिन पर यहाँ जिस कार्यक्रम का आयोजन है, स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार! समाज के हर वर्ग के लिए काम हो रहा है। पिछली सरकार ने दिल्ली को नरक बना दिया था। मोहल्ला क्लिनिक में न डॉक्टर थे, न दवाई थी, हमने उन्हें बदलकर आरोग्य मंदिर में तब्दील कर दिया। आज सेवा पखवाड़ा प्रारंभ हो रहा है। हम बधाई देकर नहीं जनता की सेवा कर मोदी जी का जन्मदिन मना रहे हैं।
यहाँ ५००० साल पुराना योगमाया का मंदिर है। आप सब स्वस्थ हों, निरोग हों, आपका मंगल और कल्याण हो। मैं हर बहन का भाई और बच्चों का मामा हूँ। बहनों की सेवा मेरे लिए देवी की पूजा है। दूसरों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है, मोदी जी के जन्मदिन पर ये सेवा पखवाड़ा प्रारंभ हो रहा है। बहनें स्वस्थ होंगी तो परिवार सशक्त बनेगा। जहाँ भाजपा की सरकार होती हैं, वहाँ बहन और बेटी के लिए कई योजनाएँ बनती हैं।
जब मैं मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री था, तब हमने लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजना बनाई। बेटा हो जाए तो अच्छा है, बेटी को बोझ मान लेते हैं। बेटी बोझ नहीं, वरदान है। बेटा बुढ़ापे में सेवा करेगा, इसकी गारंटी नहीं लेकिन बेटी अंतिम साँस तक माता-पिता की सेवा करेगी। मैंने तय किया था कि मध्यप्रदेश में बेटी पैदा होगी तो लखपति पैदा होगी। बहनों के लिये है लाड़ली बहना योजना। बहनों को भी पैसे मिलते हैं। मध्यप्रदेश जैसे राज्य में बहनें गरीब होती थीं, गर्भवती बहनें काम करती थीं, जन्म के बाद भी मजदूरी करने चली जाती थीं।
हमने योजना बनाई कि गरीब गर्भवती बहनों को १६ हजार की मदद करेंगे। बहनों को ५०% रिजर्वेशन स्थानीय निकाय में सहित अन्य बहुत सी योजनाएँ हैं। कई बार बहनें छोटी-मोटी तकलीफें परिवार को बताती नहीं हैं। मेरी बहनों, तुम बहुत सहनशील हो। तुम अपनी चिंता भी करना। बहन अगर स्वस्थ हैं, तो बेटा-बेटी भी स्वस्थ होगा। तुम अगर ये सोचो कि परिवार अच्छा खा ले मैं तो कुछ भी खा लूँगी तो उसमें परिवार का ही नुकसान है। चेकअप कराना। अगर कुछ निकलेगा भी तो आयुष्मान योजना के तहत ५ लाख रुपये तक का मुफ़्त इलाज भी है।
प्रधानमंत्री जी ने कहा है स्वस्थ रहना है, इसलिए योग और व्यायाम भी करना है। वो खाओ, जो शरीर के लिए हितकारी हो। ज्यादा तेल से नुकसान होता है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जो जरूरी है बस वो खाओ। भारत फिट रहना चाहिए, आपको भी फिट रहना चाहिए। रोज हमें योग करना चाहिए। प्रधानमंत्री जी दिन में केवल ४-६ घंटे ही आराम करते हैं। मैं भी १८ घंटे काम करता हूँ। अगर शरीर ठीक नहीं रहेगा, तो आप बिस्तर में पड़े रहोगे, कोई पूछेगा ही नहीं। पहला सुख है निरोगी काया। इसलिए चेकअप करवाओ। ऐसा खाओ, जो शरीर को स्वस्थ रखे। योग करो, प्राणायाम करो।
एक काम और देश के लिए करना। प्रधानमंत्री देश के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने तय किया है कि देश के हित के विरुद्ध कोई काम नहीं होगा। हम किसी के दबाव में नहीं आने वाले हैं। प्रधानमंत्री जी ने एक भावुक अपील की है कि आज देश के लिए मरने के लिए नहीं, जीने की जरूरत है।
हमारी अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। ये और ताकत से बढ़े, देश के लोगों को रोजगार मिले, गरीब का घर चले, इसके लिए एक संकल्प ले लेना, अपने दैनिक जरूरत की चीजें, देश में बनी हुई ही खरीदना। अपने देश में बनी हुई चीजें खरीदोगे, तो अपने भाई-बहनों को रोजगार मिलेगा। आज संकल्प लेना कि कोई विदेशी चीज नहीं खरीदेंगे। ब्रांडेड के चक्कर में मत रहना।








