Speech Transcript
मैं मंत्री बाद में हूँ, पहले मामा हूँ। मामा के दिल में भांजे और भांजी के लिए दो माँ का प्यार होता है। मेरा मन ऊर्जा से भरा हुआ है, आनंद और उत्साह से भरा हुआ है लेकिन आत्मा रो भी रही है। ऊर्जा इसलिए कि आज मुझे सौभाग्य मिला दमदमा साहब में मत्था टेकने का अवसर मिला। ये वो धरती है जहां गुरु गोविंद सिंह जी ने विश्राम किया और पूरी दुनिया को संदेश दिया।
पंजाब की मिट्टी में शौर्य है, साँसों में साहस है, संस्कृति में सेवा और चेतना में धर्म है। ये पंच प्यारों की धरती है, सरदार भगत सिंह की धरती है।
पंजाब की आबादी देश की 2% ही है लेकिन सेना में पंजाब के 10% सैनिक हैं। जब मैडल मिलता है तो 50% पंजाब के सपूतों को मिलता है। पंजाब ज्ञान, कर्म, भक्ति, वीरों और शूरों की भूमि है। ये गुरु की काशी है, यहाँ की हवा में गुरुवाणी है।
गुरुओं का संदेश है ज्ञानवान बनो, साहसी बनो, सेवाभावी बनो, सत्य के लिए खड़े रहो। आज सत्य के लिए खड़ा होना जरूरी है।
मेरी आत्मा इसलिए रो रही है क्योंकि मैं उन बहनों की आँखों में आँसू देखकर आया हूँ, जिनकी गोद नशे के कारण सूनी हो गई है। किसी का बेटा नहीं है तो किसी का पति नहीं है। असमय उनके कलेजे के टुकड़े छिन गए। कई पिताओं ने बुढ़ापे की लाठी खो दी।
ये हुआ केवल नशे के कारण। हमारे मासूम बच्चे जो भगत सिंह की परंपरा से आते हैं, उनको नशे ने बर्बाद कर दिया।
ये सफेद नशा जो सीरिन्ज के जरिए दिया जाता है, ये बच्चों को असमय छीन लेता है।
भगवंत मान और अरविन्द केजरीवाल कहते थे तीन महीने में नशा खत्म कर देंगे, लेकिन डेडलाइन एक बार डेड हुई, दो बार और फिर तीन बार डेड हो गई।
भगवंत मान की पुलिस ने बहनों को थाने में बैठा दिया जो मुझसे मिलने आ रही थीं। नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा है? उनको पनाह कौन दे रहा है?
कहने में तकलीफ होती है कि इस पंजाब का मुख्यमंत्री ही विधानसभा में नशा कर के पहुँच जाता है।
भगवंत मान सुन लो, भाजपा के नेतृत्व को छेड़ने की कोशिश मत करो, जब हम सिसकते हैं तो आसमान सिसकता है, हम बदलते हैं तो इतिहास बदल जाते हैं।
भाजपा पंजाब में नशामुक्ति का अभियान चलाती है। ड्रग्स माफिया, अफीम माफिया, चिट्टा माफिया के खिलाफ हमने अभियान छेड़ा है।
किसी ने शिकायत कर दी नशे के खिलाफ तो उसे पुलिस उठा के ले जाती है, उसे प्रताड़ित किया जाता है। इतने अत्याचार के बाद आपको गुस्सा आना स्वभाविक है।
दो दिन की बहारें हैं जग में, कब जुल्म किसी का चलता है,
ये जुल्म का सूरज लाख चढ़े लेकिन हर शाम को सूरज ढलता है।
मैं भगवंत मान से कहना चाहता हूँ, जितने दिन तुम्हारे पास हैं, उसमें नशा समाप्त करने की कोशिश करो।
पुलिस तक पंजाब में सुरक्षित नहीं है। पुलिस वालों को एड्वाइजरी जारी होती है कि अकेले मत निकालना, मोटर साइकिल पे मत निकालना।
नशे के सौदागरों को सरेआम संरक्षण देने का पाप भगवंत मान कर रहे हैं।
पंजाब के नौजवानों, आपको निकालना पड़ेगा, बहनों, आँखों में आँसू से काम नहीं चलेगा, तुम्हारी आँखों से शोले निकालना चाहिए।
हम गाँव-गाँव जाएंगे, सभी को समझाएंगे। हम पंजाब में सुनहरी सुबह लेकर आएंगे और तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।
ये प्रधानमंत्री जी का संकल्प है, और उनके साथ मामा का भी संकल्प है।
मैं उदाहरण दे रहा हूँ, ये निकम्मे और नकारा तो नहीं कर पाए, AAP तो पाप का दूसरा नाम है। ये काम कोई कर सकती है तो वो है भारतीय जनता पार्टी।
उत्तर प्रदेश में सारे अपराधियों को खत्म करने का काम हमने किया है। अमित शाह जी ने तारीख तय कर दी कि 31 मार्श 2026 तक नक्सलवाद समाप्त कर देंगे और समय से पहले ही नक्सलवाद को इतिहास का हिस्सा बना कर रख दिया।
मैं मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बना, डाकुओं का बोलबाला था, शाम को 4 बजे के बाद निकालना मुश्किल था, सामूहिक नरसंहार किया जाता था। मैंने तय कर लिया या तो डाकू रहेंगे या तो शिवराज सिंह चौहान रहेगा। हमने 6 महीने के अंदर सारे डाकू समाप्त कर दिए। वो या तो मारे गए, या आत्मसमर्पण कर दिया और या तो मध्यप्रदेश छोड़ के भाग गए।
मैं प्रधानमंत्री जी और गृहमंत्री जी का संदेश लेकर आया हूँ, भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने के बाद 6 महीने के अंदर नशे को खत्म कर के रख देगी।
नशा जहां से आता है, हम उस चैनल को ध्वस्त करेंगे। ड्रग माफिया सावधान हो जाएं, उनको छोड़ा नहीं जाएगा, और उनकी संपत्ति को जब्त किया जाएगा। हम नशे के कारोबारियों को तबाह और बर्बाद कर देंगे।
मैं पंजाब की जनता से विनम्र प्रार्थना करने आया हूँ, आज आप जागे नहीं तो ये पंजाब बर्बाद हो जाएगा। 66 लाख बच्चे नशे की गिरफ्त में हैं। मैं अपील करना चाहता हूँ, हमारी यात्रा से जुड़ो, समर्थन दो। हम मिलकर साथ चलेंगे और जनजागरण का ऐसा ज्वार उठायेंगे कि नशे के कारोबारी हिल जाएंगे।








