Speech Transcript
जब मैं मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री था, तब बेहतर टीम के साथ काम करने के लिए हर वर्ष तीन दिन की चिंतन बैठक आयोजित करता था। इसमें फील्ड और मंत्रालय के अधिकारियों को बुलाकर अलग-अलग समूहों में चर्चा होती थी, जिससे कई नई योजनाओं के सुझाव निकलकर आते थे।
देश में लगभग 50 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से ऊपर आना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसमें ग्रामीण विकास विभाग का बहुत बड़ा योगदान है। इस उपलब्धि के साथ यह भी जरूरी है कि हम आत्ममंथन करें और देखें कि आगे और बेहतर परिणाम कैसे ला सकते हैं।
विभाग की उपलब्धियों पर चर्चा के लिए मैंने सभी स्तरों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल करना जरूरी समझा, क्योंकि हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। एडिशनल सेक्शन ऑफिसर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक, हर स्तर पर काम की गुणवत्ता का असर पूरी व्यवस्था पर पड़ता है।
आज जो प्रस्तुतीकरण तैयार हुआ है, उसे और बेहतर बनाकर पहले राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख लोगों के सामने रखेंगे। इसके बाद राज्यों के साथ चर्चा करेंगे और फिर जिलों तथा जरूरत पड़ने पर जनपद स्तर तक अपनी उपलब्धियां लेकर जाएंगे।
कई वर्षों से विभाग में काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के पास योजनाओं की कमियों और उन्हें बेहतर बनाने के व्यावहारिक सुझाव हैं। इसलिए जरूरी है कि हम सबके साथ खुलकर संवाद करें और उनके अनुभवों का लाभ लें।
कई जगह सड़क तो बन जाती है, लेकिन गांव का कोई मोहल्ला, स्कूल या बस्ती छूट जाती है। केवल सड़क पहुंच जाने के आधार पर पूरे गांव को कनेक्टेड घोषित कर देना उचित नहीं है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि गांव का कोई भी हिस्सा सड़क सुविधा से वंचित न रहे।
आवास योजना में कोई भी पात्र परिवार छूटना नहीं चाहिए। एक बार सूची अंतिम हो जाने के बाद कई वर्षों तक नए नाम जुड़ने की संभावना नहीं रहती। इसलिए इस बार मैंने विशेष सावधानी बरतने को कहा कि सर्वे बंद करने से पहले दोबारा जांच हो, शिकायतों पर ध्यान दिया जाए और जरूरत पड़ने पर भौतिक सत्यापन करके पात्र परिवारों को जोड़ा जाए।
पहले मेरे क्षेत्र में कुछ गांवों के नाम इसलिए आवास योजना की सूची में नहीं जुड़ पाए, क्योंकि रिकॉर्ड में गलती से टेलीफोन कनेक्टिविटी दर्ज हो गई थी, जबकि वहां टेलीफोन लाइन तक नहीं पहुंची थी। अधिकारियों का कहना था कि सूची अंतिम हो चुकी है, अब कुछ नहीं हो सकता। मेरा मानना है कि ऐसी मजबूरी नहीं हो सकती कि किसी जायज पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित कर दिया जाए।
विकसित भारत जी राम जी योजना के बारे में अभी भी लोगों को पर्याप्त जानकारी नहीं है। इसमें राज्यों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें योजना की जानकारी और इसके लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए और प्रयास करने होंगे।
आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर बैंक से ऋण प्राप्त करने और अपना काम-धंधा शुरू करने की अच्छी व्यवस्था है, लेकिन कई जगह लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं है। मैंने अपने क्षेत्र में इस व्यवस्था में रुचि लेकर काम किया तो बहुत अच्छे परिणाम सामने आए। अगर हम अपनी योजनाओं को ठीक ढंग से लागू करें तो इससे कहीं बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
वाटरशेड सहित विभिन्न योजनाओं को लेकर जो सुझाव आए हैं, उन पर गंभीरता से विचार करेंगे। जहां अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान की जरूरत होगी, वहां वित्त मंत्रालय के साथ प्रयास करेंगे। हमें सुझावों को व्यावहारिक रूप देते हुए योजनाओं को और बेहतर बनाना है।
मेरा हमेशा आग्रह रहता है कि हम जो काम करें, उसकी जानकारी जनता के बीच भी पहुंचनी चाहिए। पहले मकानों के आवंटन की प्रक्रिया केंद्र और राज्य सरकार के बीच फाइलों तक सीमित रहती थी। जनता को पता ही नहीं चलता था कि कितने मकान स्वीकृत हुए हैं।
इस बार हमने प्रयास किया है कि जब मकान दिए जाएं तो जनता के बीच जाकर बताया जाए कि केंद्र सरकार ने राज्य को कितने लाख मकान दिए हैं। इससे सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार होता है और लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलती है।
हमें जनता को बताना चाहिए कि भारत सरकार ने राज्य को कितने किलोमीटर सड़कें दीं, कितने पुल बनाए, कितना बजट दिया, विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत कितने कार्य हुए और आजीविका मिशन से कितनी लखपति दीदियां बनीं। योजनाओं की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी है।
विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ इस तरह का संवाद नियमित होना चाहिए। जब मैं समीक्षा बैठक करता हूं तो सामान्यतः 10-12 अधिकारी ही बैठते हैं। इसलिए ऐसा मैकेनिज्म बनाना चाहिए, जिसमें सभी स्तरों के कर्मचारियों को अपनी बात रखने का अवसर मिले। हम सब एक परिवार और एक टीम हैं, जो देश और जनता के लिए काम कर रहे हैं।
मेरा मानना है कि जीवन का हर क्षण सार्थक होना चाहिए। हमें अपनी आजीविका के साथ-साथ यह भी सोचना चाहिए कि हम देश, समाज और लोगों के लिए क्या योगदान दे रहे हैं।
हमें मेहनत और समर्पण के साथ काम करना है, ताकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा कर सकें। विकसित गांव और गरीबी मुक्त गांव बनाने में ग्रामीण विकास विभाग सबसे बड़ी भूमिका निभा सकता है।
विभाग में वर्षों से काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को योजनाओं की खूबियों और कमियों की सबसे अच्छी जानकारी है। इसलिए उनके सुझावों का हमेशा स्वागत है। हम इस संवाद को आगे भी जारी रखेंगे और इसके लिए एक स्थायी मंच बनाने पर विचार करेंगे।
आगामी बजट में भी हम अपने विभाग की योजनाओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करेंगे, ताकि ग्रामीण विकास के कामों के लिए जरूरी संसाधन मिल सकें।
मैं चाहता हूं कि आप सभी अपनी बात खुलकर रखें। मन में कोई सुझाव आए तो उसे कहने में संकोच नहीं करना चाहिए। कई बार हम अच्छा सुझाव मन में रखते हैं, लेकिन यह सोचकर नहीं बताते कि पता नहीं सामने वाले को अच्छा लगेगा या नहीं। ऐसा नहीं होना चाहिए। हमें मिलकर बेहतर टीम बनानी है और बेहतर काम करना है।
प्रस्तुतीकरण को पूरा करने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर लोगों के साथ संवाद करेंगे और फिर इसे राज्यों से लेकर निचले स्तर तक पहुंचाएंगे। हमारा संकल्प विकसित भारत का निर्माण करना है।
नशामुक्त भारत के निर्माण में भी हमारे विभाग को अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए। हमारे पास स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 10 करोड़ दीदियों की बहुत बड़ी ताकत है। कई जगह दीदियां नशे के खिलाफ अभियान चलाती हैं और शराब की दुकानें बंद कराने के प्रयास भी करती हैं।
गांवों में शराब एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। शाम के समय गांवों में जाने पर कई बार नशे में धुत लोग मिलते हैं। इससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। हमें इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रयास करने होंगे।
हमारे विभाग के पास बहुत बड़ा नेटवर्क है। विकसित भारत जी राम जी योजना, आजीविका मिशन से जुड़ी लखपति दीदियां और आवास योजना के लगभग चार करोड़ लाभार्थी हमारी बड़ी ताकत हैं। इस जनशक्ति का उपयोग ग्रामीण विकास के साथ-साथ नशामुक्त भारत के अभियान में भी कैसे किया जा सकता है, इस पर हमें मिलकर विचार करना चाहिए।








