Speech Transcript
महिला सशक्तिकरण, बहनों का सम्मान, माताओं का सम्मान और बेटियों का आदर भारतीय संस्कृति और हमारी परंपराओं की जड़ों में है। हमने नारी को नारायणी मानकर सदैव प्रणाम किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के नए युग की शुरुआत हुई है। महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के साथ संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर राजनीतिक सशक्तिकरण का भी प्रयास किया गया है। महिलाओं में जागृत हुई चेतना के कारण अब इस आरक्षण को लंबे समय तक रोका नहीं जा सकेगा।
आज देश में लगभग 3 करोड़ 75 लाख लखपति दीदियां हैं। महिलाएं और बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उन्होंने नारी को अबला मानने वाली पुरानी सोच को बदल दिया है।
आर्थिक सशक्तिकरण से महिलाओं का सम्मान भी बढ़ता है। मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना के तहत हर महीने महिलाओं के खातों में राशि पहुंचने से उनके परिवारों में उनका सम्मान बढ़ा है। आर्थिक रूप से सक्षम होने पर महिलाओं को परिवार में भी अधिक सम्मान मिलता है।
महिला सशक्तिकरण के प्रयासों और उपलब्धियों के बावजूद महिलाओं के खिलाफ हिंसा और अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं। चार से छह साल की बच्चियों के साथ दुराचार और महिलाओं के प्रति हिंसा की घटनाएं समाज की अंतरात्मा को झकझोर देती हैं।
हाल ही में अपने क्षेत्र के एक स्कूल में भवन के शुभारंभ के दौरान छात्राओं ने शिकायत की कि कुछ शिक्षक गलत मंशा से उनके कंधों पर हाथ रखते हैं और अनुचित व्यवहार करते हैं। ऐसी घटनाएं बताती हैं कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए अभी बहुत काम करना बाकी है।
महिलाओं को घरेलू हिंसा का भी सामना करना पड़ता है। कई मामलों में पति पत्नी पर शारीरिक हिंसा करते हैं। ऐसी परिस्थितियों में 112 और 181 जैसी हेल्पलाइन की आवश्यकता और उनकी प्रभावी भूमिका महत्वपूर्ण है।
केवल सरकारी योजनाओं से महिलाओं के खिलाफ हिंसा समाप्त नहीं हो सकती। इसके लिए समाज की सोच और मानसिकता बदलनी होगी। ‘नई चेतना’ जैसे अभियान इसी दिशा में जरूरी हैं।
समाज में बहू के प्रति भी सोच बदलने की आवश्यकता है। बहू दूसरे घर से बेटी बनकर आती है और उसे परिवार में सामंजस्य बैठाने के लिए समय देना चाहिए। उसके साथ बेटी जैसा व्यवहार होना चाहिए। घर के सभी कामों और परंपराओं के पालन की जिम्मेदारी केवल बहू की नहीं हो सकती।
पुरुष प्रधान मानसिकता बदलनी होगी। पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करने वाले पुरुष को ‘जोरू का गुलाम’ कहना भी गलत सोच का उदाहरण है। महिला गुलाम या दूसरे दर्जे की नागरिक नहीं है। उसका अपना आत्मसम्मान, सपने और आकांक्षाएं हैं। उसे अपनी इच्छा से जीवन जीने और आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
समाज में लड़कों और लड़कियों के प्रति अलग-अलग व्यवहार भी चिंता का विषय है। लड़के की गलती को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है, जबकि किसी घटना का शिकार होने पर भी लड़की को ही बदनामी का डर दिखाया जाता है। छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को परिवार में छिपाने के बजाय उनका सामना करना चाहिए।
मोबाइल और तकनीक उपयोगी हैं, लेकिन इनका दुरुपयोग करके भी बेटियों और बहनों को बदनाम किया जा रहा है तथा उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। इस चुनौती के प्रति समाज को जागरूक होना होगा।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा और अपराध की कई घटनाओं में नशे की बड़ी भूमिका होती है। कई स्थानों पर महिलाएं शराब की दुकानों को बंद कराने की मांग करती हैं, क्योंकि उनके लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। इसलिए ‘नई चेतना’ अभियान में नशामुक्ति को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।
गांव-गांव में स्वयं सहायता समूहों और आजीविका मिशन की बहनों का मजबूत नेटवर्क है। आंगनवाड़ी से भी 25 लाख बहनें सीधे जुड़ी हैं। ये महिलाएं संगठित होकर नशे के खिलाफ अभियान चलाएं तो गांवों से नशे को बाहर किया जा सकता है।
हिंसामुक्त गांव बनाने के लिए नशामुक्त गांव जरूरी हैं। केवल सरकार के प्रयासों से यह संभव नहीं होगा। समाज को भी संगठित होकर नशे के खिलाफ खड़ा होना पड़ेगा।
नई चेतना’ अभियान में महिला एवं बाल विकास, न्याय और ग्रामीण विकास सहित कुल 12 विभागों को जोड़ा गया है। इन विभागों को केवल परामर्श जारी करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नियमित बैठकें करके आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए।
अभियान की सफलता केवल कार्यक्रम आयोजित करने, वीडियो दिखाने और भाषण देने से नहीं होगी। इसके लिए हर संकल्प को जमीन पर उतारना होगा। एक महीने तक गांव-गांव में जागरूकता फैलाने का प्रयास करना चाहिए।
इस अभियान में स्वयं सहायता समूहों और महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ युवाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और पूरे समाज को जोड़ना होगा। समाज का बहुमत सकारात्मक है, लेकिन कुछ लोगों की गलत मानसिकता को बदलने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी करनी होगी।
वन स्टॉप सेंटरों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना होगा। ग्रामीण विकास विभाग को जोड़ने के बाद ब्लॉक स्तर तक 78 केंद्रों को सक्रिय करना होगा। हेल्पलाइन 181 और 112 को इतना प्रभावी बनाना होगा कि सहायता के लिए फोन करने पर तत्काल मदद मिले।
अभियान के सभी प्रावधानों की निगरानी के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग मैकेनिज्म बनाया जाना चाहिए। संबंधित मंत्री और विभागीय अधिकारी विभिन्न राज्यों में जाकर कार्यक्रमों में भाग लें और विभागों को जमीनी स्तर तक सक्रिय करें।
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नन्हीं बच्चियों के साथ दुराचार के मामलों में फांसी की सजा का प्रावधान किया गया है। मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री रहते हुए ऐसा निर्णय लिया गया था। हालांकि, निचली अदालत से लेकर उच्च न्यायालय, सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति तक की प्रक्रिया के कारण कई बार सजा के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठते हैं। इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार करना चाहिए।
महिलाओं के प्रति गलत दृष्टिकोण रखने और जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है। समाज की मानसिकता बदलने के साथ-साथ कानूनी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करना होगा।
नई चेतना’ अभियान के पांचवें चरण को बेहतर ढंग से चलाकर गांवों तक नई जागृति पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इसमें राज्य सरकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकारों के नेटवर्क को सक्रिय किए बिना योजनाओं और अभियानों का लाभ जमीनी स्तर तक नहीं पहुंच सकता।
संबंधित विभागों के साथ बैठक कर उन्हें सक्रिय किया जाएगा। गांव-गांव में मौजूद स्वयं सहायता समूहों की दीदियों को पूरी ताकत से अभियान से जोड़ना होगा।
स्वयं सहायता समूहों की बहनों ने महिला सशक्तिकरण का नया इतिहास रचा है और भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान दिया है। गांव से लेकर अंतरिक्ष तक महिलाएं और बेटियां उल्लेखनीय काम कर रही हैं।
समाज की मानसिकता बदलने के लिए परिवारों में भी बदलाव जरूरी है। हर महिला को यह संकल्प लेना चाहिए कि उसके घर में जब बहू आएगी, तो उसे बहू नहीं, बेटी की तरह स्वीकार किया जाएगा।
नई चेतना’ अभियान के माध्यम से समाज में जहां भी सुधार की जरूरत है, वहां बदलाव लाने का प्रयास करना होगा। कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सभी को भागीदार बनना होगा।
हमारा प्रयास होना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, जो समाज को शर्मिंदा करें, किसी मां की आंखों में आंसू लाएं या किसी मां को बेटी के बजाय बेटा पैदा होने की कामना करने पर मजबूर करें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए समाज और सरकार को मिलकर काम करना होगा।








