Speech Transcript
आज प्रकाश पर्व के अवसर पर सुल्तानपुर लोधी जाकर मत्था टेकने और पवित्र बेई नदी के दर्शन करने का सौभाग्य मिला। बाबा गुरु नानक देव जी से जुड़े इस पवित्र स्थान पर जाने की लंबे समय से इच्छा थी। वहाँ से लौटने का मन नहीं हो रहा था, इसलिए आने में थोड़ी देर हो गई।
बाबा गुरु नानक देव जी ने बेई नदी में तीन दिन तक अलोप रहने के बाद प्रकट होकर 'एक ओंकार' का संदेश दिया। उन्होंने पूरी दुनिया को बताया कि कोई छोटा-बड़ा नहीं, कोई जाति-पाति नहीं, सभी बराबर हैं और एक ही परमात्मा की संतान हैं। सभी से प्रेम करना चाहिए।
बाबा गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएँ हैं:
- नाम जपो: परमात्मा से नाता जोड़ें और अहंकार, ईर्ष्या तथा द्वेष छोड़ें।
- किरत करो: ईमानदारी से मेहनत करें, किसी का शोषण न करें और मेहनत की कमाई खाएँ।
- वंड छको: मिल-बाँटकर खाएँ और दूसरों के साथ अपनी खुशियाँ साझा करें।
- किसान इन तीनों शिक्षाओं का पालन करता है। वह दिन-रात मेहनत करता है, अपनी मेहनत की कमाई खाता है और पूरे देश का पेट भरता है। खेती-बाड़ी मंत्री के रूप में किसानों की सेवा करना मेरे लिए भगवान की पूजा के समान है।
इसी सेवा भाव से पंजाब में बड़ी सभाएँ करने के बजाय खेतों में जाता हूँ, किसानों के बीच बैठता हूँ, उनसे बातचीत करता हूँ और उनकी समस्याएँ समझकर समाधान तलाशने का प्रयास करता हूँ।
मेरा मुख्य उद्देश्य है कि किसानों की खेती में मुनाफा कैसे बढ़ाया जाए। इसके लिए उत्पादन बढ़ाना, लागत घटाना, उपज का उचित दाम दिलाना और प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पंजाब में लागू नहीं है। मैंने पिछले दिनों मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर इसे लागू करने का आग्रह किया था। पंजाब में बाढ़ के दौरान भी यहाँ आकर इस योजना को लागू करने की आवश्यकता बताई थी, ताकि फसल का नुकसान होने पर किसानों को भरपाई मिल सके। नुकसान की भरपाई नहीं होगी तो किसान के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाता है।
मेजर सिंह जी सहित पूरे गाँव के किसानों को बधाई, जिन्होंने पिछले छह वर्षों से पराली नहीं जलाई है।
पंजाब ने देश में खाद्यान्न की कमी के समय हरित क्रांति का नेतृत्व किया। जब देश अमेरिका से पीएल-480 के तहत लाल गेहूँ मँगाने को मजबूर था, तब पंजाब ने सबसे पहले हरित क्रांति के माध्यम से देश के अन्न भंडार भरने में योगदान दिया। आज देश गेहूँ-धान के मामले में आत्मनिर्भर है और निर्यात भी कर रहा है।
हरित क्रांति के साथ कुछ समस्याएँ भी सामने आई हैं। असंतुलित और जरूरत से ज्यादा खाद एवं पेस्टिसाइड के इस्तेमाल तथा पराली जलाने से मिट्टी की सेहत खराब हो रही है।
- पराली जलाने से मिट्टी में मौजूद उपयोगी जीव-जंतु भी नष्ट हो जाते हैं। केंचुआ (गंडोआ) जमीन में लगभग 40 फीट नीचे तक जाकर मिट्टी को उपजाऊ और भुरभुरा बनाता है। लेकिन पेस्टिसाइड, फर्टिलाइजर और पराली जलाने के कारण ऐसे उपयोगी जीव-जंतुओं की संख्या लगातार घट रही है।
मिट्टी में करोड़ों सूक्ष्म जीव-जंतु होते हैं, जो उसकी उर्वरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले 50 वर्षों में जमीन की उर्वरता खत्म होने का खतरा पैदा हो सकता है। इसका असर आने वाली पीढ़ियों पर पड़ेगा।
खाद और पेस्टिसाइड का इस्तेमाल बंद करना समाधान नहीं है, बल्कि इनका संतुलित उपयोग जरूरी है। मिट्टी का परीक्षण कराकर यह पता लगाना चाहिए कि उसमें किन पोषक तत्वों की कमी है और उसी के अनुसार खाद डालनी चाहिए। जरूरत से ज्यादा खाद डालना नुकसानदायक है। एक किसान दो बोरी खाद डालता है तो दूसरा तीन और तीसरा चार बोरी डालने लगता है, जबकि इससे उत्पादन बढ़ने के बजाय नुकसान हो सकता है।
मिट्टी की सेहत सुधारने और पराली प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए 'खेत बचाओ' अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य किसानों को बेहतर खेती के उपायों के प्रति जागरूक करना है।
पराली जलाने के बजाय उसका प्रबंधन करने के कई फायदे हैं:
- डायरेक्ट सीडिंग से फसल का उत्पादन कम नहीं होता।
- पानी की बचत होती है और बीज का अंकुरण बेहतर होता है।
- खेत में पराली की मल्चिंग से मिट्टी में नमी लंबे समय तक बनी रहती है।
- पराली खाद का काम करती है, जिससे अतिरिक्त खाद की जरूरत कम होती है।
- हैप्पी सीडर और स्मार्ट सीडर जैसी मशीनों के उपयोग पर भी ध्यान देना जरूरी है। किसानों ने बताया कि सब्सिडी पर मिलने वाली कुछ मशीनों की गुणवत्ता खराब होती है और वे दो-तीन साल में ही खराब हो जाती हैं। उनकी मरम्मत की उचित व्यवस्था भी नहीं होती। भारत सरकार ने इसी उद्देश्य के लिए इस वर्ष लगभग ₹286 करोड़ दिए हैं। जरूरी है कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता की मजबूत मशीनें मिलें और खराब होने पर उनकी मरम्मत की समुचित व्यवस्था भी हो।
खेती में विविधीकरण (डायवर्सिफिकेशन) की जरूरत है। गेहूँ और धान की खेती जारी रखते हुए अन्य फसलों को भी अपनाना होगा। सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में मटर, गाजर और गोभी की खेती के अच्छे प्रयोग देखने को मिले।
फसल विविधीकरण से फसल चक्र में बदलाव आता है। दलहन की फसलें मिट्टी में नाइट्रोजन स्थिरीकरण का काम करती हैं, जिससे रासायनिक खाद की जरूरत कम हो सकती है।
खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए इंटीग्रेटेड फार्मिंग अपनानी होगी। इसमें केवल फसल उत्पादन नहीं, बल्कि पशुपालन, मछली पालन, मुर्गी पालन सहित लगभग 17 तरह की गतिविधियों को जोड़ा जा सकता है।
लगातार बँटवारे के कारण खेती की जमीन छोटी होती जा रही है। पहले एक परिवार की जमीन कई बेटों में बँटती है और फिर अगली पीढ़ी में और छोटे हिस्सों में विभाजित हो जाती है। ऐसे में सीमित जमीन से बेहतर आमदनी के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली के विभिन्न प्रयोग जरूरी हैं।
पंजाब के किसानों के प्रति मेरा विशेष लगाव है। मैं उनसे मिलने और उनकी समस्याएँ समझने के लिए बार-बार पंजाब आता रहूँगा। किसानों ने जिन समस्याओं और सुझावों को सामने रखा है, उन पर आगे भी चर्चा की जाएगी। मशीनों की गुणवत्ता और अन्य विषयों पर किसानों के साथ विस्तार से बातचीत के लिए उन्हें दिल्ली भी आमंत्रित करूँगा।
लोकतंत्र में मंत्री कोई बड़ी तोप नहीं होता, बल्कि जनता की सेवा के लिए जिम्मेदारी संभालता है। बाबा गुरु नानक देव जी ने भी अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष छोड़ने की शिक्षा दी है। जनता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।
दूसरों की मदद करने से जीवन सार्थक होता है। पंजाब के किसान देश के अन्न भंडार भरते हैं और यहाँ के लोग देश की सीमाओं की रक्षा के लिए खून की अंतिम बूँद तक देने को तैयार रहते हैं। ऐसे किसानों और पंजाब की जनता को मैं बारंबार प्रणाम करता हूँ।








