Speech Transcript
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि ब्रज में आकर मन आनंद और श्रद्धा से भर गया है। यह भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं की भूमि है। भगवान श्रीकृष्ण का गायों के प्रति प्रेम उनके बचपन की एक घटना से समझा जा सकता है। जब कन्हैया ने गोचारण के लिए जाने की जिद की, तो यशोदा मैया ने उन्हें जंगल में कांटे, कंकड़ और पत्थर होने की बात कहकर जूते पहनने को कहा। लेकिन कन्हैया ने जूते पहनने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि जिन गायों को लेकर वे जंगल जाएंगे, उनके पैर भी नंगे हैं। यह भगवान श्रीकृष्ण का गोप्रेम था।
यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मभूमि भी है। उन्होंने भारत ही नहीं, पूरी दुनिया को एकात्म मानववाद का दर्शन दिया। इसका मूल भाव है कि हम सबमें एक ही चेतना है। तुलसीदास जी ने कहा है, “सियाराम मय सब जग जानी।” हमारे यहां कहा गया है, “आत्मवत् सर्वभूतेषु।” इसी विचार से भारत ने दुनिया को 'वसुधैव कुटुम्बकम्' का संदेश दिया। हमारी संस्कृति का मंत्र है, धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो।
जब सभी जीवों में एक ही चेतना है, तो यह केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है। पशुओं में भी वही चेतना है। गोमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास माना गया है।
कृषि मंत्री के रूप में मेरी दो प्राथमिकताएं हैं। पहली, छोटे किसानों को फायदे की खेती करने में सक्षम बनाना। हमारे देश में ज्यादातर किसानों के पास एक, दो, तीन या चार एकड़ जैसी छोटी जोत है। इसलिए खेती की लागत घटानी होगी और उत्पादन बढ़ाना होगा।
इस दिशा में प्राकृतिक खेती एक महत्वपूर्ण प्रयास है। प्राकृतिक खेती के लिए गोबर, गोमूत्र, छाछ, गुड़ और मिट्टी जैसी चीजों की जरूरत होती है। इसके साथ एकीकृत खेती और गो-आधारित खेती भी किसानों के लिए उपयोगी रास्ते हैं।
प्राकृतिक खेती गाय के बिना संभव नहीं है। इसलिए किसानों के घरों में गोपालन होना चाहिए। इसके लिए कई तरह की योजनाएं भी बनाई गई हैं।
ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में दूसरी प्राथमिकता गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
गांवों के विकास का मॉडल खेती और पशुपालन पर आधारित होना चाहिए। किसान केवल खेती न करें, बल्कि पशुपालन भी करें। पशुपालन में गोपालन का विशेष महत्व है।
आज दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति की प्रयोगशाला का उद्घाटन करके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के साथ वहां जाने का अवसर मिला। प्रयोगशाला में पंचगव्य पर शोध हो रहा है और उसके लाभों के वैज्ञानिक प्रमाण जुटाए जा रहे हैं।
गायों के लिए वनस्पतियों से सुपरफूड तैयार करने पर भी प्रयोग हो रहे हैं। यह सुपरफूड गायों को खिलाया जाएगा, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा। गाय स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगी, तो दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर जैसे पंचगव्य उत्पाद भी अधिक गुणकारी होंगे।
दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के सभी साथियों ने अकल्पनीय और सराहनीय काम किया है। उनके इन प्रयोगों में जहां भी सहयोग की जरूरत होगी, हम सहयोग करने का प्रयास करेंगे।
भगवान श्रीकृष्ण की यह भूमि है। कृष्ण करुणा भी हैं और कर्तव्य भी, कल्याण भी हैं और पराक्रम भी। कृष्ण प्रेरणा हैं, प्रेम हैं और प्राण हैं। इसलिए विश्वास है कि ब्रज में हो रहे ये प्रयोग सफल होंगे।
सभी किसानों से आग्रह है कि वे अपने घर में गाय जरूर पालें और अपनी खेती के छोटे से हिस्से में प्राकृतिक खेती जरूर शुरू करें। मैं दावे से कहता हूं कि प्राकृतिक खेती सही तरीके से की जाए, तो उत्पादन घटेगा नहीं और मुनाफा बढ़ेगा।
ब्रजवासियों से अपील है कि इस संदेश को पूरे देश में पहुंचाएं और अपने गांवों को नशामुक्त बनाएं। शराब न पिएं, गाय का दूध पिएं। गांव नशामुक्त होंगे, तभी नशामुक्त भारत का सपना साकार होगा।
सभी लोग संकल्प लें कि किसान गोपालन करेंगे, खेती के छोटे हिस्से में प्राकृतिक खेती अपनाएंगे और अपने गांवों को नशामुक्त बनाने का प्रयास करेंगे।








