Speech Transcript
आज का दिन अत्यंत गौरवशाली है, क्योंकि बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली स्वदेशी वैक्सीन हमारे वैज्ञानिकों और भोपाल के इस संस्थान ने तैयार की है। कल जब मैंने अपने सहयोगी को संस्थान के निदेशक अनिकेत सान्याल जी के पास व्यवस्थाएं देखने भेजा, तो उन्होंने सहज भाव से कहा कि हम वैज्ञानिक हैं और हमें कार्यक्रम करना नहीं आता। चिंता की कोई बात नहीं है, आपका मुख्य काम रिसर्च करना है और आपने अद्भुत काम किया है।
आज देश को समर्पित यह वैक्सीन भारत का गर्व, सामर्थ्य, हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत और आत्मनिर्भर भारत का जीवंत उदाहरण है। यह देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन और बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है।
हमारे वैज्ञानिकों ने पहले भी देश को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री जी द्वारा टास्क फोर्स बनाए जाने के बाद मात्र 9 महीने में कोविड-19 की दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर तैयार कर दी गईं।
जो लोग विदेशों में जाकर देश को बदनाम करते हैं तथा हमारे वैज्ञानिकों, सेना, आमजन के परिश्रम, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करते हैं, उन्हें आज के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के इस सामर्थ्य को ध्यान से देखना चाहिए। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि जोरदार तालियों से हमारे वैज्ञानिकों का स्वागत, वंदन और अभिनंदन करें।
मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके गौरवशाली नेतृत्व, विजन, कल्पनाशीलता और भारत को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने के संकल्प के लिए हृदय से बधाई देता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में 'होल ऑफ द गवर्नमेंट' एप्रोच और विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से 25 करोड़ लोगों को अत्यंत गरीबी से बाहर निकाला गया है। यह बात हम नहीं, बल्कि विश्व बैंक (वर्ल्ड बैंक) तथ्यों और तर्कों के साथ कह रहा है।
गरीबी उन्मूलन में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों (एग्रीकल्चर एंड एलाइड सेक्टर) का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। दुनिया में 1% से 2% कृषि विकास दर को भी बहुत बड़ी माना जाता है। भारत में हरित क्रांति के दौर, 1994 से 2004 और 2004 से 2014 के दौर में भी औसत कृषि विकास दर कभी 3.5% से अधिक नहीं रही, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने 4.4% की औसत कृषि विकास दर हासिल की है।
आज हमारे अन्न के भंडार भरे हुए हैं और गेहूं व चावल की कोई कमी नहीं है। चावल के उत्पादन में चीन को पछाड़कर भारत दुनिया में नंबर एक बन गया है।
भारत हर साल 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कृषि निर्यात (एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट) कर रहा है। दूध, दाल और जूट के उत्पादन में भारत विश्व में पहले स्थान पर और गेहूं उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।
2014 से 2026 के बीच खाद्यान्न उत्पादन 265 मिलियन टन से बढ़कर 378 मिलियन टन हो गया है। बागवानी उत्पादन 280 मिलियन टन से बढ़कर 386 मिलियन टन, फलों का उत्पादन 54 लाख टन से बढ़कर 123 लाख टन से अधिक और सब्जियों का उत्पादन 217 मिलियन टन से बढ़कर 227 मिलियन टन हो गया है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व, किसानों की मेहनत और वैज्ञानिकों की रिसर्च से संभव हुई है।
कृषि के साथ पशुपालन (एनिमल हस्बेंडरी) और पोल्ट्री सेक्टर का भी देश की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है। करनाल स्थित हमारे प्रमुख संस्थान ने गाय-भैंस की उन्नत किस्मों से लेकर नए क्लोन तक तैयार किए हैं, जहां 26 तारीख को भी कार्यक्रम है।
पशु किसानों के लिए चलते-फिरते एटीएम हैं; खेती के साथ पशुपालन से किसानों को हर महीने नियमित आमदनी होती है। देश की जीडीपी में पशुपालन का योगदान 4% और पोल्ट्री सेक्टर का योगदान 1% है। दुग्ध, पशुपालन, पोल्ट्री और मछली पालन के क्षेत्र में देश ने चमत्कार किया है।
पशुपालकों को खुरपका-मुंहपका (FMD), ब्रूसेलोसिस, भेड़-बकरियों की बीमारी पीपीआर (PPR), सूअरों की क्लासिकल स्वाइन फीवर और बर्ड फ्लू जैसी बीमारियों से भारी नुकसान उठाना पड़ता था। बर्ड फ्लू आने पर पूरे पोल्ट्री फार्म साफ हो जाते थे, मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दबाना पड़ता था और इसके स्तनधारी पशुओं व मनुष्यों में फैलने का खतरा भी बना रहता था।
इन बीमारियों से देश, किसानों और इंडस्ट्री को औसतन 56,000 करोड़ रुपये का नुकसान होता था—जिसमें खुरपका-मुंहपका से 22,000 करोड़ रुपये, लम्पी वायरस से 20,000 करोड़ रुपये, ब्रूसेलोसिस से 9,212 करोड़ रुपये और पीपीआर से 4,683 करोड़ रुपये का नुकसान शामिल था। हमारे वैज्ञानिकों ने अलग-अलग टीके बनाकर देश और किसानों को इस 56,000 करोड़ रुपये के नुकसान से बचाने का पुण्य कार्य किया है।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), हमारे वैज्ञानिक और इसके प्रमुख संस्थान हम सभी के लिए गर्व का विषय हैं। प्रधानमंत्री जी ने भगवान श्रीकृष्ण की धरती मथुरा से राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया था। इसके तहत फुट एंड माउथ डिजीज से बचाव के लिए 8 करोड़ से अधिक पशुओं को मुफ्त टीके लगाए गए, अब तक खुरपका-मुंहपका टीके की 147 करोड़ 16 लाख खुराकें दी जा चुकी हैं और ब्रूसेलोसिस पर काबू पा लिया गया है।
वर्ष 2022 में लम्पी वायरस के प्रकोप से 32,80,000 पशु संक्रमित हुए थे और 1,86,000 पशुओं की मृत्यु हुई थी। हमारे हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों व संस्थानों ने मिलकर 'लम्पी-प्रोवैक' टीका बनाया और इसकी तकनीक उद्योग को सौंपी।
भोपाल के निहसाद (NIHSAD) संस्थान ने भी लो-प्रोफाइल रहकर दिन-रात मेहनत करते हुए सूअरों के क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके बनाए हैं। इसके साथ ही ऐसी जांच तकनीकें भी विकसित की गई हैं, जिनसे यह पता चलता है कि टीका लगने के बाद पशु के शरीर में रोग से बचाव बना है या नहीं।
2019 में विकसित सब-वायरल पार्टिकल आधारित इन्फेक्शियस बर्सल डिजीज (गम्बोरो) वैक्सीन, 2020 में ब्रूसेला एबॉर्टस S19 डेल्टा पर वैक्सीन और क्लासिकल स्वाइन फीवर की स्वदेशी सेल कल्चर वैक्सीन ने रोग नियंत्रण में बड़ी सफलता दिलाई है।
अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके को पहले दिल्ली से राष्ट्र को समर्पित किया गया था, लेकिन इस बार मैंने तय किया कि जिस वैक्सीन को भोपाल के वैज्ञानिकों ने बनाया है, उसे भोपाल की जनता के बीच ही देश को समर्पित किया जाए।
आज देवउठनी ग्यारस के शुभ अवसर पर हमारा संकल्प है कि सब सुखी हों, सब निरोग हों, सबका मंगल व कल्याण हो। 'आत्मवत् सर्वभूतेषु' के भाव से केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि पशुओं, मुर्गा-मुर्गियों और पक्षियों की रक्षा के ये प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
देश में 2006 से अब तक बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप आ चुके हैं। पहला प्रकोप 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में हुआ था, जिसमें 10 लाख मुर्गियां मरी थीं। इसके बाद 2021 में 9 लाख मुर्गियां और इस साल तीसरे प्रकोप में 2 लाख मुर्गियां मरीं तथा कई महीनों तक मुर्गियों की आवाजाही पर रोक लगानी पड़ी।
आज पहली बार भारत में मुर्गियों के लिए उच्च रोगजनक एवियन इन्फ्लूएंजा (H5N1 क्लेड 2.3.2.1a) की स्वदेशी वैक्सीन तैयार की गई है। इसकी कीमत मात्र 1 से 2 रुपये प्रति खुराक के बीच रखी गई है ताकि हमारे मुर्गी पालक किसान आसानी से इसका खर्च वहन कर सकें।
इस चमत्कार को संभव बनाने वाले आईसीएआर के वैज्ञानिकों—डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. ए. बी. मोरेकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेनथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीश आराध्या आर.—के समर्पण और निष्ठा को मैं बारंबार प्रणाम करता हूं। आप इस वैक्सीन की सफलता के असली हीरो हैं।
यह वैक्सीन किसी साधना और तपस्या से कम नहीं थी। वैज्ञानिकों ने कई महीनों तक शनिवार-रविवार की छुट्टियां लिए बिना और अपने परिवार व व्यक्तिगत जीवन के लिए समय निकाले बिना एक सैनिक जैसे समर्पण के साथ लगातार शोध किया। कड़े प्रोटोकॉल के तहत वे घर में कोई पशु नहीं पाल सकते थे, लैब आने-जाने पर पूरी सैनिटाइजेशन प्रक्रिया अपनानी पड़ती थी और घर जाकर 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था।
भोपाल का आईसीएआर-निहसाद संस्थान आज भारत का कीर्ति स्तंभ बन गया है, जिसकी शोध, बोध और नवाचार की कीर्ति विश्वविख्यात है। इस संस्थान ने पहले भी एवियन इन्फ्लूएंजा, अफ्रीकन स्वाइन फीवर, बोवाइन वायरल डायरिया, पोरसाइन रिप्रोडक्टिव एंड रेस्पिरेटरी सिंड्रोम, निपाह, सार्स-कोव-2 और क्रीमियन कांगो हेमोरेजिक फीवर जैसे गंभीर रोगों के अनुसंधान और निगरानी में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
आईसीएआर ने किसानों की उपज बढ़ाने के लिए फसलों की 3,100 से अधिक किस्में भी जारी की हैं। मैं डॉ. जाट और उनकी पूरी टीम तथा देश के सभी वैज्ञानिकों के अभिनव, अद्भुत और अकल्पनीय कार्यों का खुले हृदय से अभिनंदन करता हूं।
इस वैक्सीन का कमर्शियलाइजेशन करने वाली कंपनियों से मेरा आग्रह है कि अब बिना किसी विलंब के इसे जल्द से जल्द किसानों तक पहुंचाएं ताकि मुर्गियां और मुर्गी पालक सुरक्षित रह सकें।
हमारी सेल्फ हेल्प ग्रुप (स्व-सहायता समूह) की दीदियां कम पूंजी में 10-20 मुर्गियां पालकर अपनी रोजी-रोटी चलाती हैं और कई दीदियां इसी से लखपति भी बन गई हैं। इस वैक्सीन से उनका काम बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगा।
यह मेरा अपना संस्थान है और मैं यहां कोई अतिथि नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य हूं। मैं इस गौरवशाली अवसर पर पधारे सभी जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ साथियों और मीडिया के मित्रों का हृदय से स्वागत और धन्यवाद करता हूं।
संस्थान के वैज्ञानिकों की आवश्यकता को देखते हुए मैं घोषणा करता हूं कि भोपाल के NIHSAD संस्थान में लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएसएल-4 (BSL-4) लैब बनाई जाएगी। हम अपने वैज्ञानिकों को सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस करेंगे ताकि किसी भी रोग या वायरस के आने से पहले ही उसकी पहचान कर उसे समाप्त किया जा सके। आप निश्चिंत होकर अपना शोध कार्य जारी रखें, मैं हमेशा आपके साथ खड़ा हूं।








