

नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में नारेबाजी कर रहे विपक्षी सांसदों पर करारा अटैक किया। उन्होंने विपक्षी सांसदों पर सदन में तमाशा करने का आरोप लगाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष यहां हाय-हाय कर रहा है, दुनिया सरकार की वाह-वाह कर रही है। लोकसभा में कृषि से संबंधित पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए शिवराज चौहान ने पश्चिम बंगाल सरकार और राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये राज्य की जनता को केंद्र की योजनाओं से होने वाले लाभों से वंचित करने का पाप कर रहे हैं।
कांग्रेस-टीएमसी की नारेबाजी पर शिवराज का पलटवार
शिवराज सिंह चौहान जिस समय बोल रहे थे इसी दौरान कांग्रेस और टीएमसी समेत विपक्षी दलों के सदस्य निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। वो ‘वोट चोरी बंद करो’ जैसे नारे लगा रहे थे। शिवराज चौहान ने कहा कि विपक्ष जो तमाशा कर रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है। जनता इसके लिए इन्हें माफ नहीं करेगी।
शिवराज ने एक पूरक प्रश्न के उत्तर में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत चयनित 100 जिलों में से पश्चिम बंगाल के चार जिलों तक लाभ नहीं पहुंचने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैं बड़े दुख के साथ कहना चाहता हूं कि 100 में से जो चार जिले छूट गए हैं, वे पश्चिम बंगाल के हैं। वहां की सरकार ने इस योजना को लागू नहीं किया है जिससे राज्य के चार जिलों के किसानों को केंद्र की ओर से दिए जा रहे लाभों से वंचित किया जा रहा है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने उन जिलों के गरीब किसानों को लाभ से वंचित करने का पाप किया है। राज्य की मुख्यमंत्री ने यह पाप किया है। कृषि मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने केंद्र की ऐसी अनेक योजनाओं को लागू नहीं किया है और ‘‘वे घटिया राजनीति करते हैं। राज्य में सरकार बदलेगी तो सारी योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे के एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि जब इनकी सरकार थी तो देशवासियों को बाहर से आया, सड़ा, लाल गेहूं खाना पड़ता था। आज गेहूं के भंडार, चावल के भंडार भरे हुए हैं। आज 15 करोड़ टन धान उत्पादन के साथ भारत इस क्षेत्र में दुनिया में नंबर एक बन गया है। हमने चीन को पीछे छोड़ दिया है। आज देश में हरित क्रांति के दौर से भी अधिक तेजी से उत्पादन बढ़ रहा है। हम भारत को दुनिया का ‘फूड बास्केट’ बनाकर रहेंगे। दुनिया की जरूरत हमारा देश पूरा करेगा। चौहान ने नारेबाजी कर रहे विपक्ष के सांसदों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्ष हाय-हाय करता रहे, दुनिया सरकार की वाह-वाह कर रही है।
10 मार्च 2026
Looking for more news?
Browse All Latest News