News Content
रायसेन में सोमवार को 38 करोड़ रुपए की लागत से तैयार संदीपनी विद्यालय का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सहज अंदाज में बातचीत की और उनके बीच बैठकर काफी समय बिताया। बच्चों ने अपने भविष्य के सपने बताए, वहीं शिवराज ने भी उनके साथ गीत गाया और तस्वीरें खिंचवाईं।
बच्चों से पूछा- भविष्य में क्या बनना चाहते हो

विद्यालय के शुभारंभ के बाद शिवराज सिंह चौहान ने पूजा-अर्चना की और फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं का दौरा किया और बच्चों से उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। कुछ बच्चों ने डॉक्टर, पुलिसकर्मी और देश की रक्षा करने की इच्छा जताई, जबकि एक छात्रा ने क्रिकेटर बनने की बात कही।
कक्षा में एक छात्रा ने शिवराज सिंह चौहान के लिए गाना गाया। इसके बाद शिवराज ने भी बच्चों के लिए ‘बच्चे मन के सच्चे, सारी जग की आंख के तारे...’ गीत गाया। बच्चों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
बच्चों ने पेंटिंग और राखियां की भेंट
विद्यालय में छोटे बच्चों ने अपने हाथों से बनाई पेंटिंग और राखियां शिवराज सिंह चौहान को भेंट कीं। कक्षा 2 के विद्यार्थियों ने उन्हें ‘आई लव यू’ कहा तो शिवराज ने भी जवाब में ‘आई लव यू टू’ कहा। बच्चों ने शिवराज से वहीं रुकने का आग्रह भी किया। विद्यालय में संगीत, गायन और नृत्य का अभ्यास कर रहे बच्चों से भी शिवराज ने मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनकी गतिविधियों की जानकारी ली।
बोले- सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर हों
मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनका एक सपना पूरा होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी सोच थी कि सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से बेहतर हों। इसी उद्देश्य से सीएम राइज स्कूल शुरू किए गए थे, जो अब संदीपनी विद्यालय के नाम से जाने जा रहे हैं।
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान, लैपटॉप बांटे
कार्यक्रम के बाद शिवराज सिंह चौहान पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर पहुंचे। यहां मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया और उन्हें लैपटॉप वितरित किए गए। इस दौरान कक्षा 12वीं में 88 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली नंदनी सोनी, पिता योगेंद्र सोनी, को भी शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक, संदीपनी विद्यालय के प्राचार्य एलएन प्रधान, प्रधान अध्यापक सूर्यप्रकाश सक्सेना सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
सूत्र : दैनिक भास्कर








