

मथुरा: केंद्रीय कृषि मंत्री व मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका से हुए व्यापार समझौता को देशहित में बेहतर करार दिया है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया। कहा पीएम ने भारत के किसानों के हित पर आंच नहीं आने दी। यह समझौता राष्ट्र हित में सर्वोत्तम समझौता है। किसानों के हित को सुरक्षित किया गया है।
इससे भारत को नई दिशा और गति मिलेगी। किसानों की गरिमा का ध्यान रखा गया है। हमारे लिए राष्ट्रहित पहले है। वह सोमवार को मथुरा में थे। यहां उन्होंने बांके बिहारी का दर्शन किया। वह अपनी के साथ मथुरा पहुंचे।
दर्शन के बाद कहा कि आज बड़ा सौभाग्य जो गिर्राज जी की परिक्रमा की और बांके बिहारी जी के दर्शन किए। आज फिर सौभाग्य सूर्य का उदय हुआ है जीवन धन्य हो गया।

गोल्फ कार्ट से 21 किमी की परिक्रमा की
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचे हैं। सोमवार को उन्होंने मथुरा दौरे की शुरुआत गोवर्धन से की। उन्होंने दानघाटी मंदिर का दर्शन किया और गोवर्धन की परिक्रमा की। इसके बाद वृंदावन में बांके बिहारी जी का दर्शन किया।
पत्नी साधना सिंह के साथ गोवर्धन पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां कुछ देर रुकने के बाद गोवर्धन की परिक्रमा शुरू की। शिवराज सिंह चौहान, पत्नी साधना सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गोल्फ कार्ट पर सवार हुए और 21 किलोमीटर की परिक्रमा की।
दर्शन के बाद कहा कि बांके बिहारी जी के चरणों में यही प्रार्थना है सब सुखी हों सब निरोग हों। सबका मंगल हो सबका कल्याण हो। आज भौतिकता की अग्नि में विश्व मानवता संकट में है, खतरे में है। पूरे विश्व में अस्थिरता का माहौल है। भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वसुधैव कुटुंबकम् के भाव से न केवल विकास करे, बल्कि पूरी दुनिया को भी शांति का दर्शन कराए।

स्वागत के लिए उमड़े भाजपा नेता
गोवर्धन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। यहां की ब्रज वसुंधरा सोसाइटी में पहुंचे केंद्रीय मंत्री का पूर्व विधायक करिंदा सिंह, महानगर अध्यक्ष राजू यादव, गोवर्धन नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष लंबरदार ने शिवराज सिंह चौहान का पटका और पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
सोर्स: दैनिक भास्कर
Looking for more news?
Browse All Latest News