News Content
रायपुर/ धमतरी- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के किसानों की पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी की। इसके लिए राज्य स्तरीय धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में समारोह हुआ। चौहान ने प्रदेश के 24 लाख 17 हजार 640 किसानों के बैंक खातों में 494 करोड़ रुपए स्थानांतरित किए।
साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 100 से अधिक आबादी वाले गांवों की 780 बसाहटों को सड़कों से जोड़ने के लिए 2225 करोड़ की लागत से लगभग 2442 किमी लंबी 774 सड़कों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। इस संदर्भ में सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को कृषि मंत्री शिवराज ने सौंपा।
इसके अतिरिक्त, बिहान योजना के तहत 17357 स्वयं सहायता समूहों को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि और बैंक क्रेडिट लिंकेज निधि के 286 करोड़ वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बड़ी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ को केंद्रीय मखाना बोर्ड में शामिल किया जाएगा। इससे राज्य के मखाना उत्पादक किसानों को अपने उत्पाद सीधे बाजार में बेचने का अवसर मिलेगा। अभी तक बिहार को मखाना उत्पादन का मुख्य केंद्र माना जाता था, लेकिन अब छत्तीसगढ़ में भी इसके उत्पादन में तेजी आ रही है, इसलिए छत्तीसगढ़ को मखाना बोर्ड का हिस्सा बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में शिवराज के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अन्य मंत्री व सांसद भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सोर्स: दैनिक भास्कर








