Shivraj Singh Chouhan
Hero Background
28 January 2026 at 07:19 pm IST

3 करोड़ लखपति दीदी देश की ताकत'...केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सामूहिक विवाह समारोह में दिया संदेश

News Content

बीकानेर: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब समाज बदल रहा है. पहले बेटे के जन्म पर खुशियां मनाई जाती थीं और बेटी के जन्म पर मायूसी देखने को मिलती थी, लेकिन अब बेटी के जन्म पर भी खुशियां दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बेटियों की भलाई के लिए सदैव तत्पर है. आज देश में 'लखपति दीदी' योजना काफी लोकप्रिय है. देश में तीन करोड़ लखपति दीदी हैं.


Uploaded image


वे बुधवार को भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित बीसवें सामूहिक विवाह एवं भावना अवार्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे. यह समारोह राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में हुआ, जिसमें 61 जोड़े विवाह के बंधन में बंधे. विभिन्न प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया गया. इस मौके पर कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.


मंत्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक सरकार उनके साथ है और कई योजनाएं संचालित कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई 'लखपति दीदी' योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आज देश में तीन करोड़ लखपति दीदी हैं. बीकानेर को करणी माता की भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोग आत्मनिर्भर होकर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कर रहे हैं.


मंत्री मेघवाल की तारीफ: केंद्रीय मंत्री चौहान और सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा अपनी पुत्री भावना की स्मृति में आयोजित सामूहिक विवाह एवं पुरस्कार समारोह की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं है और बीस वर्षों में मेघवाल ने अनेक परिवारों के घर रोशन किए हैं. केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल ने बताया कि वर्ष 1999 से सामाजिक सेवा के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं और 2007 से प्रतिवर्ष सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हो रहा है.


ट्रस्ट की ओर से अब तक 538 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है. उन्होंने बताया कि ट्रस्ट विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने, रोजगार मेले और रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी कार्य करता है. कृषि मंत्री चौहान ने बीकानेर संभाग के किसानों के लिए नई कृषि तकनीक और शोध पर अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया. मंत्री टम्टा ने बीकानेर क्षेत्र में सड़क विकास के लिए भरोसा दिलाया.


प्रतिभावान विद्यार्थियों को मिला 'भावना अवार्ड-2026': मेघवाल ने बताया कि इस वर्ष 51 हजार रुपए का भावना अवार्ड चार बालिकाओं को दिया गया. इनमें कक्षा दसवीं में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भरतपुर की चंचल जाटव, बारहवीं में जिले में प्रथम स्थान पाने वाली बीकानेर की लता, दसवीं में जिले में प्रथम आने वाली ललिता और बीए तृतीय वर्ष में जयपुर के कनोडिया कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तमन्ना शामिल हैं. समारोह में विभिन्न श्रेणियों में 350 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान तीनों मंत्रियों ने नवविवाहित जोड़ों से भेंट की. उन्होंने भोजनशाला में जाकर बारातियों को भोजन कराया.


सोर्स: ईटीवी भारत

Looking for more news?

Browse All Latest News

More Latest News

Twitter
Facebook
Instagram
YouTube
LinkedIn